नोएडा। सुपरटेक के ट्विन टावर के ध्वस्तीकरण की तैयारियां परखने के लिए सोमवार को अलग-अलग विभागों के अधिकारी संयुक्त दौरा करेंगे। टावरों में विस्फोट की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली जाएगी। साथ ही, टावर गिरने के दौरान धूल के गुबार से निपटने के इंतजाम भी परखे जाएंगे। वहीं, एमरॉल्ड कोर्ट सोसाइटी की टास्क फोर्स निवासियों को सुरक्षित तरीके से सोसाइटी छोड़ने का प्रशिक्षण देगी।
प्राधिकरण के अलावा सीबीआरआई, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, विद्युत निगम, गेल इंडिया, ट्रैफिक व सिविल पुलिस के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी ट्विन टावर और आसपास की सोसाइटी का भी दौरा करेंगे। टावरों को ध्वस्त करने वाली एजेंसी एडिफिस और जेट डिमोलिशन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। 29 मंजिला सियान टावर में विस्फोटक लगाने का काम पूरा किया जा चुका है। 32 मंजिला एपेक्स की आठवीं मंजिल तक विस्फोटक लगाए जा चुके हैं। 24 अगस्त तक विस्फोटक लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। हालांकि, रविवार को नोएडा में त्यागी समाज की महापंचायत के चलते पलवल से विस्फोटक नहीं आने के कारण काम बंद रहा।
वहीं, सेक्टर-93ए स्थित पाशर्वनाथ प्रेस्टीज सोसाइटी में समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। इसमें एमराल्ड कोर्ट की टास्क फोर्स के प्रमुख गौरव ने ध्वस्तीकरण से पहले निवासियों की सुविधा के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। सोमवार को निवासियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें निवासियों के ठहरने के लिए तीन सोसाइटियों की व्यवस्था की जानकारी दी जाएगी। पार्श्वनाथ प्रेस्टिज के अलावा सेक्टर-93 की पूर्वांचल सिल्वर सिटी व सेक्टर-137 की पूर्वांचल सोसाइटी में निवासियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षण के दौरान विद्युत उपकरणों को किस तरह बंद किया जाना है, घरों की खिड़की, निकासी प्वाइंट और चिमनी को किस तरह बंद किया जाना है इसकी जानकारी दी जाएगी।