- मुख्य निर्वाचन आयुक्त की बेटी हैं जिलाधिकारी मेधा रूपम, वोट चोरी मुद्दे पर लगातार किया जा रहा था ट्रोल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना निजी अकाउंट बंद कर दिया है। ट्रोलिंग से परेशान होकर उन्होंने ऐसा किया है। मेधा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बेटी हैं। अहम है कि विपक्ष केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर वोट चोरी का लगातार आरोप लगा रहा है। वोट चोरी मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ उनके परिवार को भी सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है। गौतमबुद्ध नगर की डीएम मेधा रूपम के निजी अकाउंट को भी हर पोस्ट में टैग किया जा रहा है। परिवार के सदस्यों के फोटो भी पोस्ट किए जा रहे हैं। इससे परेशान होकर डीएम ने अपने सभी निजी सोशल मीडिया अकाउंट को निष्क्रिय कर दिया है। इस संबंध में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके परिवार को लेकर तरह-तरह की बातें और फोटो पोस्ट की जा रही हैं। इस कारण उन्होंने निजी अकाउंट फिलहाल बंद कर दिया है।