जलस्तर में कमी आने के बाद भी आफत बरकरार
- बारिश के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन बरत रहा है एहतियात
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। यमुना के जलस्तर में कमी आने के बाद भी डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों की मुश्किलें अभी कम नहीं हुई हैं। जिला प्रशासन के राहत शिविरों में फार्म हाउस जैसी सुविधाएं लोगों को नहीं मिल पा रही हैं। गर्मी में बच्चों व महिलाओं का रहना मुश्किल हो रहा है। वहीं, अगले चार से पांच दिनों तक भारी बारिश के अलर्ट जारी होने के कारण पुलिस और जिला प्रशासन की चुनौतियां बढ़ गई हैं। आशंका जताई जा रही है कि भारी बारिश के कारण फिर से जलस्तर में बढ़ोतरी हो सकती है।
राहत शिविर में रह रहे शाहजहांपुर निवासी रामवीर ने बताया कि यमुना के जलस्तर में कमी होने के बाद रविवार सुबह फ्लोरा व ग्रीन बुटिक में रहने वाले कुछ लोग फार्म हाउस पहुंच गए। पुलिस व प्रशासन की टीम अवधेश, राजकुमार समेत पांच लोगों को पकड़ लिया और थाने ले गई। फार्म हाउस के मालिक ने पुुलिस से बातचीत कर पकड़े गए लोगों को छुड़ाया।
नाले में गिरा पशु
यमुना के पानी से बचाकर लाए गए कुछ पशुओं को सेक्टर-125 स्थित राहत शिविर के बाहर बांध कर रखा गया है। यहीं उन्हें चारा पानी दिया जा रहा है। रविवार दोपहर एक पशु पेड़ के किनारे बने बड़े नाले में गिर गया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सकुशल उसे बाहर निकाला।