तावडू। उपमंडल के अंतर्गत एक गांव में जेठ द्वारा की गई छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को पति ने तीन तलाक देकर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़ित महिला की शिकायत पर तावडू पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित महिला ने बताया कि 2019 में उसकी शादी नासिर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका जेठ उसे परेशान करता था। 9 सितंबर को जब वह घर में अकेली थी तो जेठ ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद सास को घटना के बारे में बताया तो उन्होंने भी मारपीट कर किसी को नहीं बताने की धमकी दी। इसके बाद पति ने तीन तलाक देकर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर तावडू सदर थाने की पुलिस ने पति, जेठ और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।