फिरोजपुर झिरका। बीवा गांव में परिजनों के कहने पर महिला को पति ने तीन तलाक दे दिया। फिरोजपुर झिरका पुलिस ने शिकायत पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। शाहिना ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी कुछ माह पूर्व शेर खां निवासी लफूरी के साथ हुई थी। सास मगरी और ससुर आसू के कहने पर उसका पति मारपीट करता था। दहेज में कार लाने की मांग करता था। पिता असलूप ने बिरादरी पंचायत कर समझौता करने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पति शेर खां, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।