ग्रीन बेल्ट में काट दिए पेड़, जांच शुरू
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर ओमीक्रॉन टू में स्थानीय लोगों पर पेड़ काटने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने पर प्राधिकरण अफसर मामले की जांच करने पहुंचे। उन्होंने वन विभाग के अफसरों को कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सतीश भाटी ने बताया कि ग्रीन बेल्ट में पेड़ काटा जाना कुछ स्थानीय लोगों की हरकत है। कुछ लोग पेड़ों को काटकर वहां सब्जियां लगाना शुरू कर देते हैं। यह सरासर गलत है। प्रदेश सरकार पौधारोपण पर जोर दे रही है। बावजूद कुछ लोग बाज नहीं आ रहे हैं। सेक्टर में काफी संख्या में पेड़ ऊपर से काट दिए गए। ऐसे में भविष्य में पेड़ पनप नहीं पाएंगे। बाद में ये उखाड़कर फेंक दिए जाते हैं। मामले की शिकायत प्राधिकरण अफसरों से हो गई। वन विभाग के अफसरों को लिखा गया है। अब उन्हीं के स्तर से कार्रवाई होगी।