ऑटो एसोसिएशन के विरोध के बाद बैकफुट पर आया परिवहन विभाग
- परमिट के लिए ऑनलाइन ही होंगे आवेदन पर हेल्प डेस्क लगाएगा परिवहन विभाग
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ऑटो एसोसिएशन के विरोध के बाद अब परिवहन विभाग बैकफुट पर आ गया है। एक हजार एनसीआर ऑटो के परमिट के आवेदन बेशक ऑनलाइन ही होंगे, लेकिन इसके अब विभाग हेल्प डेस्क भी लगाएगा। यह हेल्प डेस्क एक मई से शुरू होगी और जब तक परमिट की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती तब तक विभाग इस हेल्प डेस्क का संचालन करेगा।
ऐसे में नोएडा से जारी हुए 500 परमिटों के आवेदन के लिए परिवहन विभाग ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। एआरटीओ सियाराम वर्मा का कहना है कि परमिट आवेदन के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया को लेकर ऑटो एसोसिएशन द्वारा विरोध जताया जा रहा है। ऐसे में प्रक्रिया तो ऑफलाइन नहीं की जा सकती, लेकिन ऑटो चालकों की सहूलियत के लिए विभाग द्वारा हेल्प डेस्क की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत कोई भी ऑटो चालक अब परमिट के लिए विभाग कार्यालय में जाकर भी आवेदन कर सकता है।
दरअसल विभाग द्वारा एनसीआर के लिए एक हजार ऑटो के परमिट में 500 नोएडा तो 500 गाजियाबाद के लिए जारी किए गए थे। इनके आवेदन ऑनलाइन करने की शर्त रखी गई थी। सीएनजी ऑटो चालक एसोसिएशन के अध्यक्ष ओम प्रकाश गुर्जर ने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया को लेकर ऑटो चालकों का विरोध था कि कम जानकारी के चलते वह इस प्रक्रिया को पूरा नहीं कर पाएंगे। वहीं ऑनलाइन प्रक्रिया की आड़ में चंद लोगों को फायदा पहुंचाने की आशंका भी थी। इसे लेकर ज्ञापन देने सहित एआरटीओ कार्यालय का घेराव कर महापंचायत करने की चेतावनी भी दी गई थी। जिसके बाद विभाग की ओर से इस मामले को मेरठ ट्रांसपोर्ट कमिश्नर तक पहुंचाया गया और अब वहां से हेल्प डेस्क लगाने का निर्देश मिला है।
-
आवेदन के लिए यह दस्तावेज जरूरी
एआरटीओ सियाराम वर्मा ने बताया कि आवेदन के लिए चालक को जनपद के पते का आधार कार्ड, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, जिलाधिकारी द्वारा चरित्र प्रमाण पत्र, वैध मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जमा कराने होंगे। इसमें से किसी भी दस्तावेज में कोई कमी निकलती है तो आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा।
सुबह 11 से शाम पांच बजे तक लगेगी हेल्प डेस्क
आवेदन के लिए सेक्टर-32ए स्थित उप संभागीय परिवहन कार्यालय में एक मई से सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक रोजाना हेल्प डेस्क लगाई जाएगी। ऑटो एसोसिशन के अनुसार नोएडा के 500 परमिट के लिए 1500 से भी ज्यादा ऑटो चालक आवेदन करने वाले हैं। ऐसे में हेल्प डेस्क पर मारामारी होगी। वहीं एआरटीओ सियाराम वर्मा ने कहा कि अधिकारी सभी तरह की परिस्थितियों के तैयार हैं।