ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा के एनआईईटी कॉलेज में अपना 56वां रियल एस्टेट एजेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया। चार दिवसीय कार्यक्रम विभिन्न जिलों से 42 अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं। अफसरों ने बताया कि प्रशिक्षण में एजेंटों को यूपी रेरा के नियमों का पाठ पढ़ाया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी को लिखित परीक्षा देनी होगी। उसमें उत्तीर्ण होने वाले एजेंटों का पंजीकरण होगा। प्रशिक्षण का शुभारंभ यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने ऑनलाइन किया। प्रशिक्षण के पहले दिन विशेषज्ञों ने कानून, पंजीकरण और ऑनलाइन पोर्टल पर जानकारी दी। राजस्व वसूली अधिकारी अंशुमान सिंह ने रेरा अधिनियम के प्रावधानों पर व्याख्यान दिया। अमरीश कुमार ने एजेंट पंजीकरण प्रक्रिया समझाई, जबकि विनय अग्रहरी ने यूपी रेरा पोर्टल की कार्यप्रणाली बताई। अब तक 55 प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 2,286 एजेंट प्रशिक्षण ले चुके हैं।