टक्कर के बाद ट्रक में लगी आग, जिंदा जला चालक
- झपकी आने पर हुआ हादसा , केबिन में फंस गया सीएनजी ट्रक का चालक
- सोफा कवर लेकर फरीदाबाद जाने के दौरान ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कल्दा गांव के पास सुबह करीब पांच बजे सीएनजी ट्रक किसी वाहन से टकरा गया। ड्राइवर को झपकी आने की वजह से हुए हादसे के बाद ट्रक में आग लग गई। ट्रक चालक केबिन में फंस गया। आग की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। ड्राइवर की शिनाख्त बुलंदशहर के ऊंचा गांव निवासी धर्मेंद्र के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक धर्मेंद्र सीएनजी ट्रक चलाता था। शुक्रवार को धर्मेंद्र ट्रक में सोफा कवर लेकर सोनीपत से फरीदाबाद जा रहा था। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर गांव कल्दा के सामने झपकी आने ट्रक किसी वाहन में टकरा गया। हादसे में सीएनजी ट्रक में आग लग गई। चालक धर्मेंद्र ट्रक के केबिन में फंस गया। वह बाहर नहीं निकल पाया। आग में जलकर उसकी मौत हो गई। आग की लपटों को देख पीछे से आ रहे वाहन रुक गए। पुलिस को तत्काल घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच दमकल कर्मियों को बुलाया। आग को बुझाने के बाद चालक को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं, हादसे के कारण एक्सप्रेसवे बाधित हो गया। जले ट्रक सड़क के किनारे कर यातायात को सुचारू कराया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।