नोएडा। सेक्टर-71 अंडरपास में सीलिंग लाइटें लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। शनिवार रात ट्रैफिक रोक कर यह काम हुआ। रविवार रात भी अंडरपास में वाहन रात 11 से सुबह 6 बजे तक नहीं चल सकेंगे। नोएडा प्राधिकरण 1.36 करोड़ रुपये की लागत से सीलिंग लाइटें लगाई जा रही हैं। अभी तक अंडरपास के एक तरफ लाइटें लगाने का काम किया जा रहा था। अब बीचों-बीच काम करने के लिए रात में वाहनों का प्रवेश बंद करने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में शनिवार रात को ट्रैफिक बंद कर अंडरपास में काम किया गया। यातायात पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि अंडरपास बंद रहने के दौरान सेक्टर-52 होशियारपुर से पर्थला गोलचक्कर की ओर जाने वाले वाहन अंडरपास की सर्विस रोड से होकर सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के बराबर से होते हुए सेक्टर-61 की तरफ जाएंगे। सेक्टर-61 की तरफ मुड़ते ही स्थित सेक्टर 71 यूटर्न से होते हुए गंतव्य को जा सकेंगें। ब्यूरो