तय स्थानों के अलावा कहीं और सवारी चढ़ाने-उतारने पर जब्त होंगे वाहन
- आज से शुरू होगा 15 दिवसीय अभियान, एक्सप्रेसवे पर रखी जाएगी खास नजर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा ट्रैफिक पुलिस शुक्रवार से 15 दिवसीय विशेष जांच अभियान ‘डिसिप्लिन ऑन रोड’ शुरू कर रही है। अभियान के तहत एक्सप्रेसवे पर भी दौड़ने वाले वाहनों पर नजर रखे जाएंगे। तय पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट के अलावा एक्सप्रेसवे पर और कहीं वाहन को रोक कर अवैध तरीके से सवारी उतारते या चढ़ाते पर वाहन जब्त कर लिए जाएंगे। इसके अलावा विपरीत दिशा में वाहन चलाने, अवैध पार्किंग बनाकर वाहनों को खड़े करने, नो पार्किंग में वाहनों को खड़े करने समेत वाहनों को टोइंग कर हटा दिया जाएगा। बृहस्पतिवार को पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव ने सभी ट्रैफिक कर्मियों को ब्रीफ किया है। इसके अलावा उन्हें सख्ती से अवैध रूप से सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाकर अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए 40 मोबाइल फोन, 193 सिम कार्ड, दो डेसिबल मीटर, छह ब्रेथ एनालाइजर, 14 लाउड हेलर, 100 सेफ्टी टॉर्च का वितरण किया है, ताकि कार्रवाई में संसाधन आड़े न आए। डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस एक्सप्रेसवे के अलावा भीड़भाड़ वाले बाजार, शहर के मुख्य रोड व बॉर्डर एरिया में सक्रिय होकर यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। इसके लिए एआरटीओ और रोडवेज अधिकारियों को भी टीम में शामिल किया गया है। पहली बार नियमों का उल्लंघन करने पर चालान की कार्रवाई की जाएगी। दूसरी बार नियम तोड़ने पर वाहन सीज कर दिए जाएंगे।