यमुना सिटी (संवाद)। विशेष सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत मंगलवार को प्रज्ञान पब्लिक स्कूल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित रहने के लिए यातायात नियमों की जानकारी दी गई। जेवर यातायात पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र दीक्षित ने विद्यार्थियों को नियमों का पालन करने की सीख दी। उन्होंने यातायात संकेत, हेलमेट, सीट बेल्ट और जेब्रा क्रॉसिंग के उपयोग का महत्व समझाया। दीक्षित ने नाबालिगों को वाहन न चलाने और मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों से खुद नियमों का पालन करने और परिवार के सदस्यों को भी जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम प्रधानाचार्या डॉ. दीप्ति शर्मा के निर्देशन में हुआ। प्रधानाचार्या डॉ. दीप्ति शर्मा और प्रबंधक डॉ. हरीश कुमार शर्मा ने भी विद्यार्थियों को सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यातायात पुलिस अधिकारियों का आभार भी जताया।