प्रदर्शनकारियों ने कहा - सीलिंग को लेकर मुख्यमंत्री अपनी चुप्पी तोड़े
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में शनिवार को सीलिंग से पीड़ित व्यापारियों ने मुख्यमंत्री निवास के समीप विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथ में तख्तियां लेकर सील की गई दुकानों को खोलने व मुख्यमंत्री से चुप्पी तोड़ने की मांग की। पांच लोगों के प्रतिनिधिमंडल में फेडरेशन के चेयरमैन परमजीत सिंह पम्मा, अध्यक्ष राकेश यादव, चौधरी योगेंद्र सिंह, कमल कुमार, बनवारी लाल, कुणाल डोगरा ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर पम्मा व राकेश यादव ने कहा कि सदर बाजार में सीलिंग हुए करीब 10 दिन हो गए हैं। व्यापारी सड़कों पर विरोध दर्ज करा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। मुख्यमंत्री व्यापारियों की समस्या जानने के लिए समय तक नहीं निकाल पाए और न ही इस विषय में कुछ बोलने को तैयार हैं। विधानसभा सत्र के दौरान चर्चा तक नहीं की गई। मुख्यमंत्री व उनकी पार्टी ने चुनाव से पहले व्यापारियों से वादा किया था कि किसी प्रकार की कोई सीलिंग नहीं होगी, लेकिन अब हालत ये हो गई है कि सदर बाजार के व्यापारियों की 25 दुकानें सील गई हैं। व्यापारी दर दर भटक रहे हैं, लेकिन उनकी पुकार सुनने वाला कोई नहीं है।
नवनीत शरण