संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। दिल्ली–हावड़ा रेल मार्ग पर सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले ट्रक चालक को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। दो सप्ताह पूर्व दादरी और मारीपत रेलवे स्टेशन के बीच स्थित आमका रेलवे फाटक को टक्कर मारकर फरार हुए आरोपी को आरपीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया है। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर दादरी व मारीपत रेलवे स्टेशन के बीच आमका गांव में फाटक बना है। 4 फरवरी को उन्नाव जनपद के पसारी गांव निवासी नरेंद्र शुक्ला ट्रक को लेकर दादरी की तरफ से ग्रेटर नोएडा जा रहे थे। आमका फाटक पर पहुंचे तो ट्रेन आने के चलते फाटक बंद था। लेकिन चालक ने लापरवाही दिखाते हुए बंद फाटक को टक्कर मार दी और ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। घटना फाटक पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।