खेतों में सूख रहे टमाटर के पौधे। स्रोत जागरूक पाठक
टमाटर की फसल पर मौसम का उतार-चढ़ाव भारी पड़ रहा है। फसल खराब होने के कारण किसानों को आर्थिक रूप से नुकसान उठाना पड़ रहा है। टमाटर की अगली फसल के लिए खेतों में लगाई जा रही पौध पर भी मौसम की मार पड़ रही है। पौधे कमरतोड़ रोग की चपेट में आ रहे हैं, जिसके कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस बार जौनसार बावर क्षेत्र में टमाटर की फसल खराब होने से किसानों को अत्यधिक नुकसान उठाना पड़ा है। लगातार हुई बारिश के कारण क्षेत्र में 40 से 50 प्रतिशत तक फसल को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल खेतों में दोबारा से लगाई गई टमाटर की पौध पर एक बार फिर से संकट दिखाई दे रहा है। किसान हुकम सिंह तोमर, दिनेश सिंह बिष्ट, रतन लाल, रण सिंह चौहान, कमल सिंह, सूरत सिंह आदि का कहना है कि खेतों में लगाई गई नई पौध पर भी मौसम की मार पड़ रही है, जिसके कारण पौधे पीले होकर खराब हो रहे हैं। पौधे मुरझा कर मर रहे हैं।