ग्रेटर नोएडा। पिृत पक्ष खत्म होने के बाद नवरात्रि शुरू हो चुकी है और सोमवार को दूसरे नवरात्र के दिन सब रजिस्ट्रार कार्यालय खुलेंगे। जहां बड़ी संख्या में रजिस्ट्री होने की उम्मीद है। निबंधन विभाग के अफसरों का कहना है कि नवरात्रि के समय में रजिस्ट्री की संख्या करीब दो गुना बढ़ जाती है। इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। गौतमबुद्ध नगर में संपत्ति खरीदने का हर किसी का सपना होता है। नोएडा से लेकर जेवर तक जमकर संपत्ति खरीदी जा रही है। पिृत पक्ष के दौरान भी काफी रजिस्ट्री हो रही थी लेकिन अब रविवार से नवरात्रि शुरू हो चुकी है। शुभ मुहुर्त पर लोग रजिस्ट्री कराएंगे। एआईजी द्वितीय ब्रिजेश कुमार ने बताया कि नवरात्रि में सामान्य के मुकाबले दो गुना अधिक रजिस्ट्री होने की उम्मीद है। हालांकि लोग अब संपत्ति की कीमतों में इजाफा होने के डर के कारण रजिस्ट्री तत्काल करा लेते है। नवरात्रि या अन्य शुभ समय का इंतजार नहीं करते हैं। जेवर, दादरी और सदर कार्यालय में लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।