ठक ठक गिरोह के बदमाशों ने महिला का फोन उड़ाया
नोएडा । ठक-ठक गिरोह के बदमाशों ने पर्थला फ्लाईओवर के पास महिला को झांसा देकर उनका मोबाइल चोरी कर लिया। बदमाशों ने कार के दुर्घटनाग्रस्त होने का झांसा दिया था। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रेनो वेस्ट निवासी वांछा गर्ग ने पुलिस से शिकायत की है कि दो मई की सुबह करीब 10 बजे ऑफिस जा रही थीं। तभी पर्थला चौक के पास वह जाम में फंस गईं। इसी दौरान कार के दोनों तरफ से दो लोग शीशे पर हाथ मारने लगे। उन्होने कहा, उनकी कार ने एक बच्चे को टक्कर मारकर घायल कर दिया है। इसी बीच कार की दूसरी ओर खड़े व्यक्ति ने खिड़की को पीटना शुरू कर दिया। उनकी बात सुनने के लिए कार का शीशा वांक्षा ने थोड़ा नीचे किया। उसने हाथ अंदर डाल दिया। तभी पीड़िता ने शीशा ऊपर किया तो उसका हाथ फंस गया। ध्यान भटकाने के लिए वह रोने लगा। इसी दौरान दूसरा आरोपी कार की बोनट पर रखा फोन चोरी करके भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो