- कोतवाली सेक्टर-49 क्षेत्र का मामला, दंपती पर शक, पुलिस कर रही जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-48 में रहने वाले एक कारोबारी के घर बाइक राइडर के जरिये पत्र फिंकवाकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। रंगदारी न देने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी है। इससे कारोबारी का परिवार सहमा हुआ है। मामले में कारोबारी के साथ बिजनेस करने वाले पति-पत्नी पर शक जताया गया है। कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस ने दंपती के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है और मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली सेक्टर-49 क्षेत्र में रहने वाले कारोबारी अभिषेक रॉय सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके घर में 30 जनवरी को पत्र मिला। इसमें 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रकम नहीं देने पर जान से मारने व अपहरण करने की धमकी दी गई है। पुलिस ने जब घर में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी तब पता चला कि एप बेस्ड बाइक राइडर ने यह पत्र घर में फेंका है।
मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण पुलिस ने आनन-फानन में डिलीवरी बॉय की तलाश शुरू कर दी। पीड़ित की तरफ से दी गई शिकायत में जिन दो लोगों पर संदेह जताया जा रहा है वह पति-पत्नी है। नोएडा के एडीसीपी मनीष मिश्रा का कहना है कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि शिकायत करने वाले व आरोपी पहले एक साथ बिजनेस में शामिल थे। दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेन देन का मामला है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है।