दिल की बीमारी से ग्रस्त मरीज समेत तीन युवक एक घंटे लिफ्ट में फंसे रहे
-दरवाजा तोड़कर निकाला गया बाहर, सेक्टर-117 के यूनिटेक यूनिहोम्स सोसाइटी की घटना
-बेहोशी की हालत में पहुंच गए थे दिल के मरीज सुजीत, दवा देने के बाद हालत हुई सामान्य
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-117 की यूनिटेक यूनिहोम्स सोसाइटी की लिफ्ट में सोमवार रात करीब 12 बजे दिल की बीमारी से ग्रस्त मरीज समेत तीन युवक एक घंटे तक फंसे रहे। बाहर निकलने के लिए चिल्लाते रहे, सायरन भी बजाया लेकिन कोई मदद नहीं मिली। स्थानीय निवासियों ने किसी तरह लिफ्ट का दरवाजा तोड़कर उन लोगों को बाहर निकाला। दिल की बीमारी से पीड़ित युवक की हालत गंभीर हो गई थी। दवा देने के काफी देर बाद उनकी हालत सामान्य हो पाई।
सोसाइटी की बी-2 टावर की लिफ्ट में मोहित, विशाल चौधरी दिल की बीमारी से ग्रस्त सुजीत चौधरी के साथ लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट फंस गई। युवकों ने मदद के लिए काफी देर तक गुहार लगाई, अलार्म भी बजाया। लेकिन काफी देर तक कोई मदद नहीं मिली। इसी बीच सुजीत की हालत खराब होने लगी। उधर बाहर बाहर खड़े निवासियों को जब जानकारी मिली तो उन्होंने सुरक्षा गार्डों को बुलाया। लेकिन उनको लिफ्ट की तकनीकी जानकारी नहीं थी। इसके बाद लोगों ने दूसरी सोसाइटी के इंजीनियर को बुलाया। तब कहीं जाकर लिफ्ट के दरवाजे को तोड़कर युवकों को बाहर निकाला गया।
बेहोशी की हालत में पहुंच गए थे सुजीतलिफ्ट में फंसने के दौरान दिल के मरीज सुजीत बेहोशी की हालत में पहुंच गए थे। निकलने के बाद लोगों ने उनके ऊपर पानी के छींटे मारे। फिर एयरकंडीशन में ले जाकर लिटाया। दवा देने के बाद धीरे-धीरे उनकी हालत सामान्य हो पाई। लोगों का कहना है कि अगर सुजीत के साथ दोनों युवक नहीं होते तो अप्रिय घटना भी हो सकती थी। इस घटना के बाद से सोसाइटी के लोगों में रोष है। उनका कहना है कि लिफ्ट फंसने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यही हाल रहा तो कभी भी किसी की जान जा सकती है। निवासी मीना जोशी ने कहा कि लिफ्ट के अंदर मोबाइल भी काम नहीं करते। सोच समझकर लिफ्ट में चढ़ना पड़ रहा है।
दूसरे टावर में भी एक युवक लिफ्ट में फंसा
मंगलवार दोपहर में एक अन्य टावर एफ 3 में 15 मिनट तक युवक लिफ्ट में फंसा रहा। लिफ्ट में फंसने की ऐसी घटनाएं लगातार होने से निवासियों में डर का माहौल है। लोग इन्हें ठीक करवाने की मांग लगातार कर रहे हैं पर कोई सुनवाई नही हो रही है।