लाल बत्ती लगाकर लोगों पर रौब झाड़ने वाले तीन युवक दबोचे
-बादलपुर कोतवाली पुलिस हिरासत में लेकर आरोपी युवकों से कर रही है पूछताछ
-एक कॉलेज के पास कार में शराब पी रहे थे तीनों आरोपी, लोगों ने दी सूचना
संवाद न्यूज़ एजेंसी
दादरी। बादलपुर कोतवाली पुलिस ने छपरौला औद्योगिक क्षेत्र में ईश्वर चंद इंटर कॉलेज के पास से एक कार में सवार तीन युवकों को हिरासत में लिया है। आरोपियों की कार में पुलिस की लाल बत्ती और टोपी रखी थी। आरोप है कि एक आरोपी अपने आप को औद्योगिक क्षेत्र चौकी का प्रभारी बताकर रौंब झाड़ रहा था। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। आरोप है कि आरोपी ने पहले अपने आप को तहसील का संविदा कर्मचारी बताया। उसके बाद एक अधिवक्ता का मुंशी बता रहा है।
पुलिस ने बताया कि रविवार रात ईश्वर चंद इंटर कॉलोज के पास नाले पर एक कार के डेशबोर्ड पर लाल बत्ती जल रही थी। उसके पास में पुलिस की गोल कैप भी रखी थी। आरोप है कार में सवार तीन युवक शराब पी रहे थे। कार चालक खुद को औद्योगिक चौकी इंचार्ज बताकर लोगों पर रौब झाड़ रहा था। एक राहगीर इसकी सूचना दी तो टीम मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
इसमें एक आरोपी ने अपनी पहचान दादरी ब्रहमपुरी निवासी पवन कुमार के रूप में बताई और उसने अपने आप को तहसील कार्यालय में संविदाकर्मी बताया। उसके बाद पुलिस ने सख्ती के साथ पूछताछ की तो आरोपी ने एक अधिवक्ता के पास मुंशी का काम करना बताया। फिलहाल पुलिस ने कार को जब्त करते हुए मामला दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। एसीपी राकेश कुमार पांडे ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।