तावडू। नगर के बिजली दफ्तर में कार्यरत जेई सहित तीन कर्मचारियों की एक हफ्ते के अंदर कोरोना से मौत हो चुकी है। इससे विभाग के कर्मचारी दहशत में हैं।
राजेश, प्रवीन, इरशाद, हाशिम आदि कर्मचारियों ने बताया कि कोरोना की दूसरी लहर पूरे देश में तबाही मचा रही है। इससे तावडू बिजली दफ्तर भी अछूता नहीं है। उन्होंने बताया कि 9 मई को विभाग के कर्मचारी शिवकुमार, 10 मई को जमशेद और रविवार को जेई लालचंद का कोरोना से निधन हो गया। इससे अन्य कर्मचारी भी दहशत में हैं। फिलहाल, दफ्तर में कार्य बंद है। हालांकि, बिजली बिल जमा करने के लिए काउंटर खुला है। जेई के परिजनों के मुताबिक, करीब एक हफ्ते पहले उन्हें हल्का बुखार आ गया था। उन्होंने तत्काल उपचार भी शुरू कर दिया था, लेकिन ज्यादा तबीयत बिगड़ने पर एक हफ्ते पहले गुरुग्राम के पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार देर शाम को उन्होंने दम तोड़ दिया। जेई के निधन पर बिजली विभाग के कर्मचारियों और नगरवासियों ने शोक संवेदना व्यक्त की है।