माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। अलग-अलग थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर घरवालों को सौंप दिया। मृतकों के परिजन की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। सेक्टर-15ए निवासी अन्नू दास ने फेज-वन थाना पुलिस को बताया कि 23 नवंबर की शाम सात बजे पति सागर दास ई-रिक्शे से जा रहे थे। डीएनडी की तरफ से आने वाले मार्ग पर हनुमान मंदिर के निकट अचानक एक कार चालक ने लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। ई-रिक्शे में सवार शिकायतकर्ता के पति और दो अन्य लोग घायल हो गए। उपचार के दौरान सागर दास की मौत हो गई। वहीं, सेक्टर-39 थाने में सेक्टर-41 स्थित अगापुर गांव निवासी गुड्डू कुमार महतो ने एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पिता कल्लू महतो 20 नवंबर की शाम सेक्टर-100 के निकट पैदल जा रहे थे। तभी अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, सेक्टर-39 थाने में जिला मैनपुरी निवासी देव पांडेय ने एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पिता मुकेश कुमार पांडेय वर्तमान में सेक्टर-49 स्थित बरौला गांव में रहते थे। 20 नवंबर की रात वह ड्यूटी समाप्त करके घर लौट रहे थे। सेक्टर-40 जाने वाले मार्ग पर एक बाइक सवार ने लापरवाही से चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौत हो गई। पुलिस ने जांच शुरू की है।