अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी के महापौर चुनाव के लिए सोमवार को सदन की बैठक शुरू होने से करीब तीन घंटे पहले ही सियासी बवाल मचना शुरू हो गया था। आम आदमी पार्टी व भाजपा के नेता एक दूसरे पर सदन में हंगामा करने की तैयारी का आरोप लगाने लग गए थे। आप नेता व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करके महापौर का चुनाव नहीं होने की आशंका जताई थी। वहीं, उनके ट्वीट के करीब एक घंटे बाद भाजपा नेताओं ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव में उनके पार्षदों से क्रॉस वोट करने के लिए आप नेता करोड़ों रुपये व पद का लालच दे रहे है। इसी बीच आप नेताओं ने भाजपा के आरोपों को नकारते हुए दावा किया कि वे सदन में हंगामा करने की जमीन तैयार कर रही है।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सोमवार की सुबह साढ़े आठ बजे ट्वीट करके खुलासा किया कि बीजेपी ने अपने पार्षदों को आज फिर एमसीडी बैठक में मेयर चुनाव न होने देने के निर्देश दिए है। भाजपा पार्षदों को कहा गया है सदन शुरू होते ही किसी बहाने से हंगामा कर देना। पीठासीन अधिकारी पिछली बार की तरह फिर अनिश्चितकाल के लिए सदन स्थगित कर देगी। एलजी फिर सेे 20 दिन बाद की तारीख देंगे। उनके ट्वीट करने के एक घंटे बाद भाजपा नेता वीरेंद्र सचदेवा, विजेंद्र गुप्ता व हर्ष मल्होत्रा ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि आप के नेता उनके पार्षदों को तोड़ने का प्रयास कर रहे है।
भाजपा के संवाददाता सम्मेलन के बाद आप नेता आतिशी व दुर्गेश पाठक ने संवाददाता सम्मेलन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आप पर झूठे आरोप लगाकर भाजपा ने फिर से महापौर चुनाव टालने का षड्यंत्र रचा है। भाजपा बहानेबाजी छोड़कर महापौर का चुनाव होने दे और जनादेश का सम्मान करे। यह हास्यास्पद है कि विधायक-पार्षद खरीदने वाली भाजपा के नेता आम आदमी पार्टी पर पार्षद खरीदने की कोशिश करने का आरोप लगा रही है।