सहारनपुर। नवाबगंज में निर्माणाधीन मकान को लेकर बृहस्पतिवार की रात हुए पथराव और हंगामे के मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एक पक्ष ने फायरिंग और पथराव करने का भी आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे पक्ष ने जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। वहीं, पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों पर केस दर्ज किया है। इनमें 17 नामजद और 30 अज्ञात आरोपी हैं, जिनकी गिरफ्तारी के पुलिस प्रयास कर रही है।
नगर कोतवाली में दर्ज कराए मामले में एक पक्ष के नवाबगंज निवासी इसरार ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उनका रिश्तेदार बृहस्पतिवार की रात अपने मकान की छत का लिंटर डलवा रहा था। तभी, दूसरे पक्ष के नवाबगंज निवासी रमजान, अनीस, जुनैद उर्फ जोनी, जुबैर, दानिश, नूरहसन, इमरान उर्फ बम, फरमान, बाबर, खालिद, दिलबहार, उवैस ने तमंचे से उन पर फायरिंग कर दी थी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने लाठी-डंडों से मजदूरों की भी पिटाई करने के साथ पथराव किया।
वहीं, दूसरे मामले में नवाबगंज निवासी मोहम्मद रमजान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रमजान ने बताया कि असलम, इसरार,सुबहान, इरशाद, नौमान ने उनके पक्ष के लोगों पर जानलेवा हमला करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोप लगाया कि जिस भूमि पर लिंटर डाला जा रहा है, वह मोहल्ले की जमीन है। इस जमीन को लेकर मामला अदालत में भी चल रहा और स्टे है। इसके बावजूद दूसरे पक्ष की ओर से अवैध रूप से निर्माण कराया जा रहा है।
तीसरे मामला नगर कोतवाली के उपनिरीक्षक अवशेष भाटी ने दर्ज कराया है, जिसमें 30 अज्ञात के खिलाफ हंगामा करना, जानलेवा हमला करना, सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है। उपनिरीक्षक ने बताया कि जिस समय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो दोनों पक्षों के लोगों ने पुलिस भी पथराव किया है। इसके साथ ही सड़क पर बवाल किया। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। तीसरा मामला पुलिस की ओर से 30 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।