माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गुलिस्तानपुर में जमीन कब्जाने की धमकी और दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। मामले में किशोर एक्सपोर्ट्स कंपनी के डायरेक्टर ने बुधवार को सूरजपुर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि गुलिस्तानपुर में एलजी चौक के पास स्थित कंपनी की भूमि है। उनका आरोप है कि इंशाद अली ने कंपनी से दो करोड़ रुपये की मांग की थी और मांग पूरी नहीं होने पर जमीन कब्जाने व परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। उनका कहना है कि नौ मई को आरोपी 10-15 लोगों के साथ कंपनी में पहुंचा और मुख्य गेट तोड़ने का प्रयास किया। कुछ लोग दीवार फांदकर परिसर में घुस गए और गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों को जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान धक्का-मुक्की व हाथापाई में एक कर्मचारी घायल हो गया। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।