नोएडा। जिले में 45 वर्ष से अधिक आयु के करीब 60 हजार ऐसे लोगों की पहचान की जा चुकी है, जिन्हें कोरोना से बचाव का टीका नहीं लगा है। अब स्वास्थ्य विभाग इन लोगों के टीकाकरण पर जोर दे रहा है। टीकाकरण से छूटे लोगों के लिए गांव-गांव जाकर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 7 से 16 सितंबर तक जिले में सर्वे किया गया था। इसमें टीकाकरण से छूटे लोगों का डाटा एकत्र किया गया था। 27 सितंबर को आयोजित होने जा रहे मेगा टीकाकरण अभियान में इन लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। सर्वे के दौरान जिन गांवों में टीकाकरण से छूटे 45 वर्ष से अधिक आयु के लोग मिले थे, उन गांवों में विशेष शिविर लगेंगे। जिले में 23.61 लाख लोगों को टीके लग चुके हैं। इनमें 16.61 लाख लोगों को पहली और 6.99 लाख लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है। बृहस्पतिवार को जिले के 34 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। हालांकि, लक्ष्य 9850 लोगों को टीका लगाने का था, लेकिन करीब 16 फीसदी कम यानी 8253 लोगों को ही टीके लगे। 2510 लोगों को पहली और 5743 लोगों को दूसरी डोज दी गई।