गाजीपुर। दीपावली के पर्व को देखते हुए बैंकों की ओर से इस बार विशेष तैयारी की गई है। सभी एटीएम नकदी से भरे रहेंगे। इससे लोगों को दीपावली के पर्व पर कैश के लिए दिक्कत नहीं होगी। इसको लेकर तैयारी कर ली गई है। अमूमन त्योहारों में बैंक बंद रहते हैं। नकदी के लिए लोगों का एकमात्र सहारा एटीएम बने रहते हैं। लेकिन, नकदी न होने के कारण ऐन वक्त पर एटीएम भी दगा दे जाते हैं। ऐसी परेशानियों से दीपावली के पर्व पर लोगों को सामना न करना पड़ा, इसको लेकर बैंकों की ओर से तैयारी कर ली गई है। जनपद में सरकारी व निजी 25 बैंक हैं। इनकी 300 शाखाएं हैं। करीब 60 एटीएम हैं। प्रत्येक एटीएम में 20-20 लाख रुपये डाले गए हैं। सामान्य दिनों में एटीएम में 10 लाख रुपये डाले जाते हैं। लेकिन, दीपावली पर्व को देखते हुए इस धनराशि को दोगुना कर दिया गया है। दीपावली खरीदारी का पर्व माना जाता है। इसलिए एटीएम में नकदी की विशेष व्यवस्था की गई है। विशेष तौर पर 500 व 1000 के नोट डाले जा चुके हैं।