होली का त्योहार और शब-ए-बारात को शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट की ग्रेटर नोएडा जोन पुलिस ने 882 आरोपियों, हिस्ट्रीशीटर को चेतावनी देते हुए अपराध से दूर रहने का शपथपत्र भरवाया है। पिछले पांच वर्ष में यह आरोपी किसी न किसी मामले में जेल गए थे। पुलिस ने उनकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।
हिंदुओं के लिए होली का बड़ा त्योहार और मुसलमानों के लिए शब-ए-बारात एक ही दिन पड़ने पर पुलिस के लिए शांति कायम रखना एक चुनौती हो गया है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा जोन से पांच वर्षों में अलग-अलग आपराधिक मामलों में जेल गए लोगों की सूची तैयार कर पुलिस उनका सत्यापन किया है। प्रत्येक सर्किल में यह सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। सर्किल प्रथम से 36, द्वितीय से 352, तृतीय से 290 व चतुर्थ सर्किल से 204 लोगों का सत्यापन किया गया है। इस दौरान सभी आरोपियों के जमानती की भी जांच की गई। किसी भी तरह के हुड़दंग से निपटने के लिए पुलिस पहले से होमवर्क कर रही है।
होली और शब-ए-बारात पर शांति और भाईचारा रखने की अपील
रबूपुरा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने हिंदुओं और मुसलमानों से होली और शब-ए-बारात मनाने की अपील की। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रविशंकर छवि, एडिशनल डीसीपी अशोक कुमार एसीपी जेवर रुद्र प्रताप सिंह और थाना प्रभारी सुधीर कुमार गांव व कोतवाली में दोनों धर्म के लोगों के साथ बैठकें कीं। अधिकारियों ने दोनों धर्म के लोगों से शांति और सदभाव की अपील की।
होली व शब ए बारात को देखते हुए होटल मॉल में सघन चैकिंग अभियान
जेवर। त्योहारों को देखते हुए पुलिस भी अर्लट मोड़ पर है। मंगलवार को जेवर पुलिस ने कस्बे के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में शापिंग कॉम्पलेक्स, होटल, मॉल, सिनेमाघर आदि में डॉग स्क्वायड के साथ चैकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने कहां कि भीड़ भाड़ वाली जगहों पर लोगों से अपील की है कि शांति से त्योहार को मनाए। होली पर सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता को लेकर जेवर को चार जोन में बांटा है। सभी जोन में सब इंस्पेक्टर के साथ पुरूष व महिला सिपाही की तैनाती रहेगी। होलिका दहन वाले स्थानों पर मंगलवार रात को होली जलन तक क्षेत्र के लगभग 50 स्थानों पर सिपाही व उस क्षेत्र के चौकीदार की तैनाती रहेगी।