जर्जर सड़कों के विरोध में नगरवासियों द्वारा किए गए हस्ताक्षर पत्र व ज्ञापन डीएम को सौंपने जाते
गाजीपुर। शहर की जर्जर सड़कों को लेकर चल रहा हस्ताक्षर अभियान डीएम अविनाश कुमार को ज्ञापन सौंपने के बाद संपन्न हो गया। समाजसेवी विवेक कुमार सिंह शम्मी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में 10 हजार शहरवासियों के हस्ताक्षर शामिल हैं। कहा कि बीते सात वर्षों से सीवर का कार्य चल रहा है। हालांकि नगर के प्रमुख मार्गाें पर काम दो वर्ष पहले ही पूरा हो चुका है बावजूद जर्जर सड़कों की स्थिति जस की तस है। समाजसेवी ने मांग की है कि अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के साथ जिम्मेदार व्यक्ति या फर्म पर मुकदमा दर्ज किया जाए। शम्मी ने कहा कि रोज गड्ढों में गिरकर 50 से ज्यादा लोग घायल होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। शायद ही कोई मार्ग होगा, जो चलने लायक हो। सड़कों की खराब स्थिति से शहरवासी परेशान हैं। आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। धूल व गंदगी से बीमारियों का सामना कर रहे हैं। डीएम अविनाश कुमार से मांग की है कि पिछले सात वर्षों में शहरी क्षेत्र में सीवर निर्माण कंपनी, जल निगम, नमामि गंगे प्रोजेक्ट, नगर पालिका और पीडब्ल्यूडी जैसी कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किए गए कार्यों की जांच की जाए। अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाए और जिम्मेदार व्यक्ति या फर्म पर मुकदमा दर्ज किया जाए। इसके साथ ही वर्तमान में चल रहे कार्यों की निगरानी के लिए सक्षम अधिकारियों की एक समिति गठित की जाए। यह समिति कार्य की गुणवत्ता और समय सीमा के भीतर कार्य पूरा होने को सुनिश्चित करेगी। पत्रक देने वालों में क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह, राजेश प्रजापति, अनुज भारती (पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष), आलोक सिंह (पूर्व छात्र नेता), व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आसिफ खान, संजय सिंह, प्रशांत सिंह, बृजेश राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।