-रबूपुरा में एक नाम से दो शख्स होने से आरोपी ने किया फर्जीवाड़ा
-बैंक में मचा हड़कंप, समय रहते बैंक ने बचाई रकम
रबूपुरा। कोतवाली क्षेत्र के नगला हुकमसिंह गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। क्षेत्र के एक बैंक में नगला हुकमसिंह गांव निवासी एक व्यक्ति का खाता वर्षों से संचालित हो रहा है। जानकारी के अनुसार असली खाताधारक ने हाल ही में बैंक से अपने लिए चेक बुक की मांग की थी। बैंक द्वारा चेक बुक तैयार कर गांव में डिलीवरी के लिए भेज दी गई। दुर्भाग्यवश, गांव में उसी नाम का एक अन्य व्यक्ति भी रहता है। डिलीवरी कर्मी चेक बुक उसी नाम के कारण गलती से दूसरे व्यक्ति को थमा गया। जिस व्यक्ति को गलती से चेक बुक मिली, उसने न केवल इसे स्वीकार किया बल्कि उसका दुरुपयोग भी कर डाला। वह व्यक्ति चेक बुक लेकर सीधे बैंक पहुंचा और खाते में मौज़ूद रकम की जानकारी मांगी। बैंक कर्मचारियों ने बिना सावधानी के उसे खाते में मौजूद 35 लाख रुपये की जानकारी दे दी। इसके बाद उसने बैंक कर्मियों से मिलीभगत कर चेक के माध्यम से पूरी रकम एक नए खाते में ट्रांसफर करा दिया। घटना की जानकारी जब असली खाताधारक को हुई, तो उसने तत्काल बैंक पहुंचकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए बैंक ने ट्रांसफर की गई राशि को तत्काल मूल खाते में वापस कराया।