हल्द्वानी। दिनभर बादल और ठंडी हवा चलने से मंगलवार को मौसम ठंडा रहा। दोपहर के समय बारिश के हल्के छींटे भी गिरे। इससे तापमान में भी कमी देखने को मिली। अधिकतम तापमान 27.4, न्यूनतम 15.5 डिग्री और मुक्तेश्वर का अधिकतम 17.2 और न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बुधवार को बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश और ऊंचाई वाली जगह पर बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय उथला कोहरा छाया रह सकता है।