शहर के आवास विकास मुख्य मार्ग पर स्थित जल संस्थान का पेयजल पंप हाउस लोगों के लिए बड़ा खतरा बन गया है। लापरवाही और रखरखाव की कमी के कारण इसकी तीन तरफ की दीवारें जर्जर होकर झुक गई हैं, जो कभी भी गिर सकती हैं। इस पंप हाउस से आवास विकास और आसपास के इलाकों में पानी की सप्लाई होती है।पंप हाउस परिसर में चारों ओर झाड़ियां उग आई हैं। स्थिति ऐसी है मानो यहां वर्षों से किसी ने कदम ही न रखा हो। अंदर तैनात कर्मचारियों की जिम्मेदारी सिर्फ मोटर को चालू और बंद करने तक सीमित है। वहीं पंप हाउस से सटे मार्ग पर कई स्कूल संचालित होते हैं, जिससे रोजाना सैकड़ों बच्चों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। स्थानीय निवासी अशोक ने बताया कि पिछले कई दिनों से आवास विकास क्षेत्र में पेयजल लाइन का दबाव बेहद कम है, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ज्ञापन और फोन के माध्यम से पंप हाउस की खस्ताहाल स्थिति पर कई बार विभाग को ध्यान दिलाया गया लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नही हुई।