डॉ. महेश शर्मा को दिया गया वोट मोदी को तीसरी बार पीएम बनाएगा
मौसम खराब होने की वजह से नोएडा नहीं पहुंच पाए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, फोन पर किया संबोधित
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मौसम खराब होने की वजह से शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का नोएडा का दौरा रद्द हो गया, हालांकि फोन पर जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, गौतमबुद्ध नगर के भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा और कमल के निशान को दिया गया एक-एक वोट नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएगा। आप इनको गौतमबुद्ध नगर से जीत दिलाएं। वादा करता हूं कि डॉ. महेश के विजय जुलूस में शामिल होने नोएडा आऊंगा।
गृह मंत्री को अलवर में जनसभा को संबोधित करने के बाद नोएडा आना था, लेकिन शाम पांच बजे के आसपास एकाएक मौसम खराब हो गया। तेज आंधी और हल्की बारिश की वजह से अमित शाह अलवर में ही फंस गए। उन्होंने फोन पर ही नोएडा की जनता को संबोधित किया।
शाह ने कहा कि मैं डॉ. महेश शर्मा के लिए वोट की अपील करने आने वाला था। डॉ. महेश को आपका दिया एक-एक वोट नरेंद्र मोदी को मिलने वाला है। मोदी ने 10 साल में गरीब कल्याण से लेकर शहरी विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में काफी काम किए। डॉ. महेश शर्मा और नरेंद्र मोदी की जोड़ी यहां बड़ा एयरपोर्ट लेकर आई। कई हाइवे से जोड़ा। डॉ. महेश ने नोएडा के चहुंमुखी विकास में काफी योगदान दिया है।
मोदी-योगी ने प्रदेश में कायम की मजबूत कानून व्यवस्था
शाह ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में एक मजबूत कानून व्यवस्था कायम की है। इसकी वजह से प्रदेश में विकास का नया रास्ता खुला है। उन्होंने अंत में महेश शर्मा को एक बार फिर जीत दिलाने की अपील की और भाजपा का हाथ मजबूत करने को कहा।
-
कार्यकर्ता हुए मायूस
दोपहर से ही बसों व अन्य वाहनों से आने वाले कार्यकर्ता काफी जोश में थे, लेकिन मंच से जैसे ही यह घोषणा हुई कि अमित शाह नहीं आ पाएंगे, वैसे ही उनका जोश ठंडा पड़ गया। शाह के फोन से संबोधन समाप्त होते ही लोग जाने लगे, हालांकि कुछ नेताओं को पार्टी में शामिल कराने का कार्यक्रम था, लेकिन लोग नहीं रुके।
-
आंधी और हल्की बारिश में मंच से भरा गया जोश
आंधी और हल्की बारिश के बीच मंच से लोगों के बीच जोश भरा जाता रहा। लोगों को बार-बार कहा गया कि अमित शाह आने वाले हैं। वह उत्साह बनाए रखें। इसी बीच आंधी तेज होने पर लोग असहज नजर आए। बीच-बीच में बूंदाबांदी ने पूरा माहौल खराब कर दिया।