-ढाई महीने में दूसरी बार शहर के लोग मनाएंगे दिवाली
-पूरा शहर तैयार, रामलला के आने का इंतजार
- कई सोसाइटियों में सामूहिक रूप से आयोजित होंगे कार्यक्रम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के महोत्सव पर पूरा नोएडा राममय हो गया है। आज हर घर में राम नाम के दीप जलेंगे। ऐसा पहली बार होगा कि ढाई महीने के भीतर दूसरी बार दिवाली मनेगी। प्राण प्रतिष्ठा के मौके को यादगार बनाने के लिए पूरे शहर ने जी-जान से तैयारी की है।
शहर के प्रत्येक मंदिरों को रंगीन लाइटों व फूलों से सजाया गया है। मंदिरों में आज विशेष आयोजन होंगे। मुख्य यजमानों को दायित्व सौंपे गए हैं। उनको पूरा करने के लिए पूरा मंदिर प्रशासन जुटा हुआ है। सुबह से ही दर्शन और पूजन शुरू हो जाएंगे। इसके अलावा अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के दौरान शहर के मंदिरों में विशेष अनुष्ठान होंगे।
शहर के लोगों ने रामलला के आगमन को और भव्य बनाने के लिए घरों को लाइटों से सजाया है। हर घर में दीप जलेंगे। घरों के बालकनी पर रामनाम का झंडा पहले से ही लहरा रहा है। सोसाइटियों में लोगों ने राम के चित्र लगाए हैं। कहीं बड़े आकार का झंडा लहरा रहा है तो कहीं राम के कटआउट्स खड़े हैं। कई स्थानों पर राम मंदिर के मॉडल लगाए गए हैं। मंदिरों, सेक्टरों, घरों, मॉल और अन्य स्थानों पर लोग 1100, 2100, 3100 और 5100 दीप जलाकर उत्सव मनाएंगे। कई स्थानों पर सामूहिक स्तर पर दीप जलाने की योजना है। कुछ लोगों ने दिल्ली से दीप मंगाए हैं, जिसे वह सोमवार की शाम को रोशन करेंगे। पूरे शहर में दिवाली जैसा माहौल होगा।
सोमवार की शाम शहर के सरकारी दफ्तर, मुख्य मार्ग, बड़े पार्क और सोसाइटियां रंगीन रोशनी से सराबोर होंगी। हर सड़क, हर गली रोशन होगी। राम नाम की आस्था के बीच कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन होगा। कई लोग राम के नाम पर कंबल और भोजन आदि दान करने के लिए आगे आ रहे हैं।
कई स्थानों पर भजन संध्या और सुंदरकांड का पाठ
शहर में कई स्थानों पर भजन संध्या और सुंदरकांड के पाठ का आयोजन किया जाएगा। राम नाम की भक्ति में लीन लोगों ने पूरे दिन आस्था के नाम करने का मन बनाया है। सेक्टर-71 में जहां शाम चार बजे से भजन संध्या का कार्यक्रम होगा तो सेक्टर-19 में सुंदरकांड के पाठ का आयोजन होगा। कई स्थानों पर धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
प्राण प्रतिष्ठा के सजीव प्रसारण दिखाए जाएंगे
शहर के लोगों को अयोध्या में होने वाले रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के सजीव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की गई है। सेक्टर-21ए नोएडा स्टेडियम समेत कई स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर सजीव प्रसारण किया जाएगा। यहां लोगों के बैठने आदि की व्यवस्था की गई है। कई स्थानों पर नोएडा प्राधिकरण की ओर से इसकी व्यवस्था की गई है।
फूलों व रंगों से बनेगी रंगोली
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की ओर से सेक्टर-29 स्थित गंगा शाॅपिंग कॉम्प्लेक्स में दीप जलाए जाएंगे। महिला विंग की ओर से शाम चार बजे फूलों व रंगों से रंगोली बनाई जाएगी। वहीं, सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर को 500 किलो फूलों से सजाया जा रहा है। दोपहर 12 बजे सेक्टर में राम बारात निकलेगी। इसके बाद मंदिर में भजन कीर्तन होगा। शाम को 2100 दीप जलाएंगे। लाल मंदिर और सेक्टर- 14 ए स्थित शनि मंदिर में 11 हजार दीप जलाए जाएंगे।
शॉप्रिक्स मॉल में जलाए 3100 दीप
शॉप्रिक्स मॉल प्रबंधन और दुकानदारों की ओर से रविवार को ही 3100 दीप जलाए गए। मॉल मैनेजर नेहा कौशिक ने बताया कि दुनिया इस समय राममय है। ईश्वर के प्रति ऐसी आस्था दुनिया पहली बार देख रही है। भगवान राम अपना आशीर्वाद हम सब पर बनाए रखें।
अंबाला छावनी के गांधी मैदान में सेवा सिमरन सोसाइटी गुरूद्वारा सिंह सभा रेजिमेंट बाजार द्वारा आय