ग्रेटर नोएडा (संवाद)। समरविल स्कूल ग्रेटर नोएडा की टीम ने 17वीं, डब्ल्यूसी समरविल अंतर विद्यालयी फुटबॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्राफी पर कब्जा किया। टीम ने प्रज्ञान स्कूल ग्रेटर नोएडा को 5-0 से पराजित करते हुए एकतरफा जीत हासिल की। बृहस्पतिवार को सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में प्रज्ञान स्कूल और सेंट जोसफ स्कूल ग्रेनो के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच का परिणाम पेनल्टी शूटआउट से निकला। इसमें प्रज्ञान स्कूल ने बाजी मारी। दूसरे सेमीफाइनल में समरविल स्कूल ने समरविल इंटरनेशनल स्कूल नोएडा को 4-0 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। मुख्य अतिथि लॉट कैरी बैपटिस्ट मिशन के सचिव व ट्रेजरर थॉमस टी. राॅय, स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. मेरी थॉमस, चेयरमैन अब्राहम मैथ्यू, खेल शिक्षक डॉ जीजी जोश ने विजेता टीम को ट्राफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।