ग्रेटर नोएडा (संवाद) । सेक्टर पाई-1 स्थित ऐछर रामलीला मैदान में मंगलवार को आयोजित श्री राम कथा के दूसरे दिन कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज ने राम कथा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राम कथा के सुनने से मनुष्य को अनेक प्रकार के लाभ प्राप्त होते हैं । यह कथा उसे पाप कर्मों से मुक्त कर भगवान से जोड़ती है । माता पार्वती और भगवान शिव के विवाह प्रसंग के माध्यम से उन्होंने गृहस्थ जीवन के आदर्शों को समझाया। कथावाचक ने कहा कि पिता, मित्र, स्वामी और गुरु के घर बिना बुलाए जा सकते हैं, लेकिन किसी समारोह में बिना निमंत्रण के नहीं जाना चाहिए। हनुमान जी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भगवान के नाम का सुमिरन और कीर्तन जीवन का हिस्सा होना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य यजमान हरवीर मावी, सह-यजमान शेर सिंह भाटी व धीरज शर्मा तथा दैनिक यजमान पी.पी. शर्मा उपस्थित रहे।