ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेनो के हबीबपुर गांव में रेहड़ी-पटरी वालों से वसूली का आरोप लगाते हुए आरडब्ल्यूए ने कड़ा विरोध किया। पदाधिकारियों का कहना है कि यदि गांव में प्राधिकरण की ओर से इस तरह की उगाही को नहीं रोका गया तो कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा। प्राधिकरण पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रणवीर चौधरी का कहना है कि गांव के आसपास जरूरतमंद लोग रेहड़ी-पटरी लगाते हैं। प्राधिकरण की ओर से उनसे उगाही किया जा रही है। इस तरह की वसूली से गरीब लोगों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ मामलों में तो रसीद काटने और कब्जा करने जैसी कार्रवाई भी की जा रही है, जिससे स्थानीय लोग चिंतित हैं।