फोटो23कासगंज नगर पालिका बोर्ड बैठक में मौजूद सदर विधायक देवेंद्र राजपूत,चेयरमैन मीना माहेश्वर
कासगंज। नगर पालिका की बोर्ड बैठक बुधवार को चेयरमैन कार्यालय में आयोजित की गई। इस दौरान पालिका की दुकानों का किराया अब सर्किल रेट के आधार पर बढ़ाए जाने पर चर्चा की गई। बोर्ड बैठक में पूर्व में लंबित प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी गई। साथ ही दाखिल–खारिज पर कर बढ़ाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। पालिका परिसर में खड़े डोर-टू-डोर वाहन को संचालित करने के निर्णय पर सहमति बनी। बोर्ड बैठक में मुख्यमंत्री वैश्विक योजना के तहत परिसर में पालिका कार्यालय के नए भवन निर्माण, बरात घर, गेस्ट हाउस निर्माण कार्य के लिए 20 करोड़ 29 लाख रुपये शासन से स्वीकृत कराने के लिए प्रस्ताव पास हुआ। पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था एवं सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए 4 करोड़ 97 लाख की कार्य योजना शासन से स्वीकृत कराने के लिए बोर्ड की बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं सर्किल रेट के हिसाब से पालिका की दुकानों का किराया बढ़ाए जाने व दाखिल-खारिज पर कर बढ़ाए जाने पर विचार किया गया। पालिका क्षेत्र में कई वर्षों से दुकानों का किराया पुराने मानकों पर ही वसूला जा रहा है, जबकि सर्किल रेट में कई बार संशोधन हो चुका है। नए फैसले से पालिका की आय में बढ़ोतरी होने की उम्मीद जताई गई। सदर विधायक देवेंद्र राजपूत ने कहा कि नगर पालिका की कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था में सुधार किया जाए। सभासदों की ओर से जनता के हितों में दिए गए आवश्यक प्रस्तावों को प्राथमिकता देकर उन्हें प्रस्ताव में शामिल किया जाए। चेयरमैन मीना माहेश्वरी ने बताया कि क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए पालिका के करों में बढ़ोतरी की जाएगी। शासन को भेजे गए प्रस्तावों को स्वीकृति मिलने के बाद कराया जाएगा। इस दौरान सभासद विनोद रावत, गौरव यादव, आलोक, मनोज शाक्य, दीप पंडा, वाहिद, सत्यवती, अमित गुप्ता सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।