ग्रेटर नोएडा (संवाद)। 10 फीसदी आबादी का भूखंड समेत अन्य मांगों को लेकर किसान सभा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ 16 फरवरी से आंदोलन करेगी। आंदोलन की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को रामपुर फतेहपुर गांव में पंचायत की। भारी संख्या में पहुंचने का ग्रामीणों ने फैसला लिया। किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने कहा कि किसान सभा 10 फीसदी प्लॉट के मुद्दे पर पूरी तरह वचनबद्ध है। जब तक समस्या हल नहीं होती, तब तक किसान सभा संघर्ष करती रहेगी। महासचिव जगवीर नंबरदार, जिला अध्यक्ष डॉ. रूपेश वर्मा, जिला सचिव गुरप्रीत एडवोकेट, जिला कमेटी के सदस्य महेश प्रजापति, भगत सिंह चेची, डॉ. जगदीश, मुकेश, सुरेश यादव आदि मौजूद रहे।