संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। नोएडा के शिल्प हाट में 24 से 26 जनवरी तक होने वाले उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक की गई। इसमें उन्होंने कहा कि आयोजन “विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत” की थीम पर किया जाएगा। सभी विभागों को समय से स्टॉल आवंटन, योजनाओं व उपलब्धियों के प्रभावी प्रदर्शन तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदर्शनी स्थलों को आकर्षक एवं सूचनात्मक बनाने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगोष्ठियों, प्रतियोगिताओं एवं सम्मान समारोहों के आयोजन में आपसी समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया। स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों, युवाओं, महिला समूहों, किसानों, खिलाड़ियों एवं उद्यमियों को मंच प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि उत्तर प्रदेश दिवस के तहत युवा दिवस, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती, राष्ट्रीय पर्यटन दिवस, मतदाता जागरूकता दिवस एवं गणतंत्र दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसरों को कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, उपायुक्त उद्योग अनिल कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक गीता भाटी समेत अधिकारी मौजूद रहे।