संत गाडगे सभागार में नाटक का मंचन
लखनऊ। गोमतीनगर स्थित संगीत नाटक अकादमी के संत गाडगे सभागार में रविवार को हुए नाटक ‘साहिर- हर इक पल का शायर’ ने दर्शकों को भावुक और उत्साहित कर दिया। अवध कॉन्क्लेव के सहयोग से आयोजित और राजीव प्रधान के निर्माण में प्रस्तुत इस नाटक को साहित्यप्रेमियों और छात्रों से जबरदस्त सराहना मिली। चंद्रशेखर वर्मा द्वारा लिखित और गोपाल सिन्हा निर्देशित इस नाटक में कवि-गीतकार साहिर लुधियानवी के जीवन, काव्य और वैचारिक संघर्ष को मंच पर उतारा गया। सुधांशु मणि ने साहिर की भूमिका निभाते हुए अपने गहरे स्वर और उर्दू उच्चारण से दर्शकों को प्रभावित किया, जबकि रुपाली चंद्रा ने अमृता प्रीतम का किरदार सजीव किया।