आस्था पथ पर टहल रही एक महिला के गले से टप्पेबाज ने सोने की चेन झपट ली। महिला कुछ समझ पाती इससे पहले टप्पेबाज फरार हो गया। बनखंडी निवासी सुनील सिंह बिष्ट ने कोतवाली में शिकायत दी है। सुनील ने बताया कि शनिवार सुबह उसकी माता रोज की भांति आस्था पथ पर टहल रही थी। इस दौरान पीछे से आ रहे एक युवक ने अचानक उसकी मां के गले से सोने की चेन झपट ली। जब तक मां कुछ समझ पाती युवक गली नंबर चार की ओर फरार हो गया। सुनील ने बताया कि सुबह होने के कारण आस्था पथ पर भीड़ कम थी, शोर मचाने पर समीप के होटल के गार्ड पहुंचे लेकिन तब तक टप्पेबाज आंखों से ओझल हो चुका था। सीसीटीवी फुटेज में युवक भागते हुए दिखाई दे रहा है। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।