पुलिस लाठीचार्ज में भाजपा कार्यकर्ता की मौत को लेकर पत्रकारवार्ता करते स्वदेशी जागरण मंच काशी प
लठठूडीह। स्वदेशी जागरण मंच काशी प्रांत के सह संयोजक कृपाशंकर सिंह ने नोनहरा प्रकरण पर कहा कि इस घटना की जितना भी निंदा की जाए, वह कम है। यह घटना जिले में भाजपा नेतृत्व की कमजोरी को दर्शाती है। इससे भाजपा के कार्यकर्ता काफी मायूस व आक्रोशित हैं। इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे साथ स्वदेशी जागरण मंच का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से जाकर मिला है। उन्हें आश्वासन दिया गया है कि मंच इस मामले को मुख्यमंत्री से मिलकर बताएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद मृतक के भाई शशिकांत उपाध्याय द्वारा लगाए जा रहे आरोप को सही ठहराते हुए कहा कि मृतक के भाई द्वारा एफआईआर के संबंध में बार-बार जानकारी मांगी जा रही है, लेकिन उन्हें अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई। अलबत्ता उन्हें पुलिस प्रशासन की तरफ से रुपये दे दिए गए। इसके साथ ही पोस्टमार्टम की जो रिपोर्ट आई है, वह और भी चौंकाने वाली है। एक तरफ बताया जा रहा है कि सीताराम उपाध्याय की मृत्यु हार्ट अटैक से हुई है, वहीं दूसरी तरफ जिले का पूरा अमला उनके घर को घेरकर बैठा है। उनके भाई ने यह सही प्रश्न किया है कि अगर हार्ट अटैक से मौत हुई है, तो पुलिस प्रशासन की इतनी मौजूदगी उनके घर पर क्यों है। पुलिस प्रशासन का यह रवैया लोगों को सोचने पर मजबूर कर रहा है कि सब कुछ ठीक नहीं है। इस मामले का शासन प्रशासन के लोग मुख्यमंत्री तक सही जानकारी नहीं पहुंचने दे रहे हैं।