सेक्टर 49 स्थित मिष्ठान में घेवर खरीदते हुए
नोएडा। सावन का महीना शुरू होते ही बाजार में घेवर की मिठास घुल गई है। मिष्ठान भंडारों पर सादे क्रंची घेवर से लेकर केसर, मलाई-रबड़ी और पनीर घेवर तक की कई किस्में ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। लोग इन दिनों अपना नाते रिश्तेदारों और खुशियों के पल में सावन के शाही मेहमान घेवर मिठाई को सबसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार, बाजार में घेवर की कीमत उसकी वैरायटी और वजन के अनुसार अलग-अलग है। एक किलोग्राम के केसर घेवर की कीमत करीब 900 रुपये, जबकि मलाई-रबड़ी घेवर 700-800 रुपये प्रतिकिलो, केसर मलाई घेवर 1000 रुपये प्रतिकिलो तक बिक रहा है। मलाई, रबड़ी, सूखे मेवे और पिस्ता-बादाम की सजावट वाले घेवर विशेष रूप से पसंद किए जा रहे हैं। सेक्टर-49 स्थित मिष्ठान भंडार के मालिक डॉ. राजू सिंह ने बताया कि सावन और रक्षाबंधन के दौरान घेवर की बिक्री पूरे साल की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है। उनके अनुसार वह हर साल करीब चार लाख रुपये का घेवर बेच देते हैं। ब्यूरो