दनकौर (संवाद)। गुनपुरा गांव में करीब एक महीने पहले दो भाइयों पर जान से मारने की नीयत से कार चढ़ाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तीन अन्य आरोपी अभी गिरफ्त से दूर हैं। गांव निवासी पंकज ने 4 अप्रैल को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके चचेरे भाई अभिषेक और मामा के बेटे सक्षम निवासी फरीदाबाद गांव में घर से दुकान पर सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान रंजिश के चलते गांव के ही तेजा भड़ाना, उसके बेटे सचिन और दो अन्य अज्ञात लोगों ने उन पर बलेनो कार चढ़ा दी। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनका करीब एक महीने तक इलाज चला। पुलिस ने तेजा भड़ाना और सचिन समेत चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी तेजा भड़ाना को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।