मनुपोला की तलाश जारी, फर्जीवाड़े के लिए जालसाजों ने लाखों किए खर्च
- प्राधिकरण के खाते से पैसे निकाले का मामला: फर्जी एफडी के कागजात से लेकर रहने के लिए किए खर्च
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। प्राधिकरण के खाते से 3.9 करोड़ रुपये निकाले जाने के मामले में फरार मास्टरमाइंड की तलाश जारी है। वहीं अब जांच में यह बात सामने आ रही है कि जालसाजों ने साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया। इसके लिए लाखों रुपये खर्च भी किए गए थे। मामले की जांच के लिए पुलिस की टीमेंं दबिश दे रही है। वहीं कुछ लोगों के हिरासत में लेकर पूछताछ करने की बात कही जा रही है।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि जालसाजों ने दो फर्जी एफडी की कॉपी बनवाई थी। इसमें एक प्राधिकरण को भेजा था। नोएडा प्राधिकरण के वित्त विभाग ने फर्जी एफडी की कॉपी को सही मान लिया था। इसके बाद ही खाते से 3.9 करोड़ निकाले गए। जांच में यह बात सामने आ रही है कि प्राधिकरण की तरफ से जरा सी भी सतर्कता बरती जाती और कागजातों को देखा जाता तो पैसे की निकासी नहीं होती। एफडी बनवाने में मास्टर माइंड मनु पोला ने राजेश नाम के एक व्यक्ति की मदद ली। राजेश ने करीब 1 लाख रुपये खर्च किए। बताया जा रहा है कि राजेश लखनऊ स्थित एक पॉलिटेक्निक में चपरासी रह चुका है।
जिला जज लिखी कार की टक्कर से युवक घायल
नोएडा। जिला जज लिखी कार की टक्कर से एक युवक घायल हो गया। इस मामले में कोतवाली फेज वन में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस कार के नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। न्यू अशोक नगर, दिल्ली निवासी सुरेंद्र सिंह ने पुलिस से शिकायत की है कि वह फेज वन के ऑफिस से दो दिन पहले बाहर निकल रहा था तभी जिला जज लिखी इनोवा कार के चालक ने टक्कर मारकर उसे घायल कर दिया। दोस्त घायल सुरेंद्र को तुंरत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच में सामने आया है कि सुरेंद्र के घुटने की हड्डी में फ्रैक्चर है। ब्यूरो