नोएडा। सुपरटेक के फ्लैट खरीदारों को घर मिलने का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है। फ्लैट खरीदारों ने सुपरटेक प्रोजेक्ट में कई साल पहले अपने सपनों का आशियाना खरीदा था, जिसकी ईएमआई वह आज भी दे रहे हैं, लेकिन घर का अता-पता नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सुपरटेक के प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (एनबीसीसी) को सौंपा गया है लेकिन फ्लैट खरीदारों का आरोप है कि अबतक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में घर मिलने का सपना और लंबा होता जा रहा है। बता दें कि सुपरटेक प्रोजेक्ट में 16 सितंबर को नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (एनसीएलएटी) में सुनवाई हुई थी, अगली सुनवाई आज होनी है। फ्लैट खरीदारों का कहना है कि आज सुनवाई के दौरान आगे की स्थिति साफ हो सकेगी। ब्यूरो