ग्रेटर नोएडा। खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न डेयरियों और थोक विक्रेताओं से दूध एवं पनीर के पांच नमूने संग्रहित किए गए। जांच में खराब मिलने पर लगभग 300 किलो पनीर नष्ट करा दिया गया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिले में दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल एवं रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने हल्दौनी ग्रेटर नोएडा स्थित चौधरी डेयरी का निरीक्षण कर पनीर का एक नमूना जांच हेतु लिया। निरीक्षण के दौरान लगभग 100 किलो पनीर नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह एवं विशाल गुप्ता की टीम ने सेक्टर-15 नोएडा स्थित चौहान डेयरी से पनीर का एक नमूना लिया गया और लगभग 200 किलो पनीर मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर नष्ट कराया गया। ब्यूरो