ग्रेटर नोएडा। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कारपोरेशन ऑफ इंडिया (डीएफसीसीआईएल) ने शनिवार को खुर्जा से दादरी के बीच ईस्टर्न कॉरिडोर की लिंक लाइन पर इंजन दौड़ाया। पहले दिन का ट्रायल सफल रहा। रविवार को न्यू बोड़ाकी स्टेशन से इंजन खुर्जा रवाना होगा। वहीं डीएफसीसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ईस्टर्न कॉरिडोर की लिंक लाइन का उद्घाटन कराने की तैयारी कर रहा है।
कोलकाता से लुधियाना तक ईस्टर्न कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। बुलंदशहर के खुर्जा से ग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी गांव तक कॉरिडोर की 50 किमी लंबी लिंक लाइन बनकर तैयार हो गई है। शनिवार को डीएफसीसी ने इंजन चलाकर इसका ट्रायल किया। दोपहर 2:25 बजे इंजन खुर्जा से ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना हुआ। करीब 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लिंक लाइन पर इंजन दौड़ा। दोपहर बाद करीब 3:45 बजे इंजन न्यू बोड़ाकी स्टेशन पहुंचा। वहां से इंजन दादरी तक गया। दादरी में 4:05 बजे इंजन पहुंचा। अफसरों ने बताया कि ट्रायल के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी नहीं मिली। पहले दिन का ट्रायल सफल रहा। रविवार को फिर से ट्रायल होगा। इस मौके पर डीएफसीसीआईएल के मुख्य महाप्रबंधक अनिल कालरा खुर्जा तक लिंक लाइन का निरीक्षण करेंगे।
लिंक लाइन से ईस्टर्न कॉरिडोर को दादरी में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग के जंक्शन, एनटीपीसी दादरी और कंटेनर डिपो से जोड़ा गया है। जल्द ही ग्रेटर नोएडा में वेस्टर्न कॉरिडोर से भी यह जुड़ जाएगा। लिंक लाइन का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कराने की तैयारी चल रही है। पहले 15 अगस्त में उद्घाटन कराने की तैयारी थी, लेकिन ट्रॉयल में देरी होने के कारण अब 31 अगस्त तक उद्घाटन कराने की तैयारी की जा रही है। लिंक लाइन का शुभारंभ होने के साथ ही ग्रेटर नोएडा से इलाहाबाद तक मालगाड़ियां ईस्टर्न कॉरिडोर पर जा सकेंगी। वहीं छह माह बाद मालगाड़ियां बिहार तक जा सकेंगी।
तालियां बजाकर किया स्वागत
ट्रायल के दौरान जब इंजन न्यू बोड़ाकी स्टेशन पर पहुंचा तो डीएफसीसी कर्मचारियों में खुशी का माहौल था। सभी ने तालियां बजाकर इंजन का स्वागत किया। साथ ही इस पल को अपने कैमरे में कैद किया। अब रविवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
ईस्टर्न कॉरिडोर की लिंक लाइन पर खुर्जा से दादरी तक इंजन दौड़ाया गया। पहले दिन ट्रायल सफल रहा। रविवार को फिर ट्रायल किया जाएगा। उसके बाद लिंक लाइन के शुभारंभ की तैयारी शुरू की जाएंगी। - रणविजय सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर (यातायात एवं व्यापार विकास) डीएफसीसीआईएल