यमुना सिटी (संवाद)। जेवर में स्वास्थ्य विभाग लोगों को संक्रामक बीमारियों के बारे में जागरूक कर रहा है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी जा रही हैं। बताया जा रहा है कि मानसून के दौरान आसपास के वातावरण में नमी बढ़ने और जगह-जगह पानी जमा होने से कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोग अपनी सेहत को लेकर विशेष सावधानी बरतें। घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, क्योंकि जमा पानी में मच्छरों के पनपने का खतरा रहता है। इसके साथ ही साफ और शुद्ध पानी का सेवन करने, बारिश के दौरान पूरे कपड़े पहनने और घर के आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई रखने की सलाह दी जा रही है। जेवर के चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार लोगों को मानसून में होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दे रही हैं।